RAIGARH NEWS. रायगढ़ जिला जेल में बंद एक विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम नवापारा निवासी संजय बघेल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गए और जमकर हंगामा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग करने लगे।

जानकारी के अनुसार, संजय बघेल शराब से जुड़े एक मामले में पिछले कुछ दिनों से जेल में बंद था। जेल में उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के पिता प्यारेलाल बघेल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि तीन दिन पहले पुलिस ने उनके बेटे और उसके एक साथी को शराब बेचने के आरोप में पकड़ा था। उनका आरोप है कि पुलिस ने उसके साथी को कथित रूप से 40 हजार रुपये लेकर छोड़ दिया, जबकि संजय को जेल भेज दिया गया। उन्होंने दावा किया कि जेल में उनके बेटे के साथ मारपीट की गई थी, जिसके कारण उसकी मौत हुई।

सीसीटीवी फुटेज जांच की मांग
घटना की जानकारी मिलने पर गांव के सरपंच नंदकुमार भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मामले में जेल प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि संजय की मौत जेल के भीतर हुई है, तो वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

जांच पर अड़े परिजन
संजय बघेल की मौत के बाद बड़ी संख्या में परिजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि जेल प्रशासन की लापरवाही के कारण यह घटना हुई है।
फिलहाल प्रशासन और जेल प्रबंधन की ओर से मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






































