BILASPUR NEWS. सड़क निर्माण में हो रही देरी और बदहाल मार्ग की स्थिति ने एक बार फिर लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नया बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर मंगलवार को ईंटों से लदा एक ट्रैक्टर सड़क के गहरे गड्ढे में फंसकर पलट गया। हादसे में एक 40 वर्षीय युवक और एक बच्चा घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर ईंट लेकर गुजर रहा था, तभी सड़क पर बने बड़े गड्ढे में उसका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर पलट गया और उसमें लदी ईंटें सड़क पर बिखर गईं। इसी दौरान वहां मौजूद युवक और बच्चा ईंटों की चपेट में आ गए।

घटना के बाद आसपास के दुकानदार, राहगीर और स्थानीय निवासी तत्काल मौके पर पहुंचे। लोगों ने मिलकर ईंटों को हटाया और घायलों को बाहर निकाला। समय रहते राहत कार्य होने से बड़ी जनहानि टल गई।हादसे के बाद नागरिकों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर है और आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। कई बार शिकायतों और मांगों के बावजूद सड़क की हालत में सुधार नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए एक माह पहले भूमिपूजन किया गया था। अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। नागरिकों का आरोप है कि निर्माण में हो रही देरी का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण शुरू कराने और मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं हुआ तो भविष्य में और भी गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं।




































