DANTEWADA NEWS. दंतेवाड़ा जिले के गीदम-बीजापुर मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब गुमरगुंडा के समीप दौड़ती कार में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में वाहन आग की लपटों से घिर गया और पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

कार में सवार लोगों ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन से पहले धुआं निकलना शुरू हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।कोरबा में पटाखा गोदाम में भीषण अग्निकांड, धमाकों से दहला पूरा इलाका।

दूसरी ओर, कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित एक पटाखा गोदाम में बुधवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही गोदाम में रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होने लगे, जिससे आसपास का क्षेत्र धमाकों की गूंज से दहल उठा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शर्मा पटाखा गोदाम से अचानक उठीं आग की ऊंची लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। लगातार हो रहे धमाकों के कारण स्थानीय लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। सूचना मिलते ही कटघोरा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया है।

पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



































