SAKTI NEWS. जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेंदुरस में बुजुर्ग दंपती की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि लूटे गए जेवर खरीदने वाले एक सराफा व्यापारी को भी हिरासत में लिया गया है। जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह बाइक खड़ी करने को लेकर हुआ पुराना विवाद और रंजिश थी।

पुलिस के अनुसार 2 जून की रात बुजुर्ग दंपती पुरुषोत्तम खुंटे और गुहरिन बाई खुंटे अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी स्केल पट्टी की मदद से दरवाजा खोलकर घर में घुसे और लोहे की रॉड से दोनों के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने घर से सोने के जेवर, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए।
घटना के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। मृतक का मोबाइल खरसिया थाना क्षेत्र के पलगढ़ा के पास मिलने पर पुलिस ने देवकुमार यादव (33) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी रूपचरण यादव (40) के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

जांच में पता चला कि कुछ दिन पहले मृतक पुरुषोत्तम खुंटे और आरोपियों के बीच बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते दोनों ने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी रूपचरण यादव ने लूटे गए सोने के जेवर जेजेपुर स्थित एक ज्वेलर्स संचालक बाबूलाल साहू को 84 हजार रुपये में बेच दिए थे। पुलिस ने सराफा कारोबारी को भी चोरी और लूट की संपत्ति खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों के कब्जे से करीब 9 ग्राम सोने के जेवर, 5 ग्राम गला हुआ सोना, 77 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, बाइक तथा हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की गई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पहले भी कर चुके हैं दोहरा हत्याकांड
पूछताछ के दौरान एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। दोनों आरोपियों ने जून 2024 में मालखरौदा थाना क्षेत्र के मुक्ता गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार उस मामले में भी पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर दंपती की हत्या की गई थी और जेवर लूटे गए थे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपी ऐसे घरों को निशाना बनाते थे जहां बुजुर्ग दंपती अकेले रहते थे। इसी जानकारी का फायदा उठाकर वे वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



































