KOLKATA NEWS. पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता जहांगीर खान को नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी देश छोड़कर नेपाल भागने की फिराक में था, लेकिन STF ने समय रहते उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे कोलकाता लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक जहांगीर खान के खिलाफ दक्षिण 24 परगना जिले के फालता थाने में अवैध वसूली सहित कुल सात मामले दर्ज हैं। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी पर गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।

समर्थकों पर भी लगे गंभीर आरोप
कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि जहांगीर खान के समर्थकों द्वारा महिलाओं को कथित रूप से गैंगरेप की धमकियां देने का मामला भी सामने आया था। हालांकि, इस संबंध में पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

चुनाव हारने के बाद हो गया था भूमिगत
जहांगीर खान ने वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में फालता सीट से चुनाव लड़ा था। चुनाव के दौरान गड़बड़ियों की शिकायतों के बाद निर्वाचन आयोग ने 21 मई को वहां पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया था। लेकिन री-वोटिंग से करीब 48 घंटे पहले ही उसने चुनावी मैदान छोड़ने और नाम वापस लेने की घोषणा कर दी थी।
24 मई को घोषित नतीजों में उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद से वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आया और पूरी तरह भूमिगत हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।

STF की कार्रवाई से बढ़ी राजनीतिक हलचल
नेपाल सीमा के पास से हुई इस गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और उसके फरार रहने के दौरान किसने उसकी मदद की।





































