NEW DELHI NEWS. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में RCB ने पहले शानदार गेंदबाजी करते हुए गुजरात को 155 रन पर रोक दिया और फिर विराट कोहली की नाबाद 75 रन की पारी की बदौलत 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी RCB ने शुरुआत से ही दबाव बना दिया। गुजरात के कप्तान शुभमन गिल 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि साईं सुदर्शन भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। मध्यक्रम में जोस बटलर और निशांत सिंधु भी अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाए। ऐसे में वाशिंगटन सुंदर ने 37 गेंदों में 50 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर टीम को 155/8 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। RCB की ओर से गेंदबाजों ने सामूहिक प्रदर्शन किया और गुजरात को बड़े स्कोर से दूर रखा।

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी हुई। हालांकि बीच के ओवरों में RCB ने कुछ त्वरित विकेट गंवाए, लेकिन विराट एक छोर पर डटे रहे। उन्होंने 42 गेंदों में 75 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। कोहली ने विजयी छक्का लगाकर टीम को चैंपियन बनाया और प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी अपने नाम किया।

चैंपियन और उपविजेता को कितनी मिली पुरस्कार राशि?
विजेता (RCB) – 20 करोड़ रुपये
उपविजेता (GT) – 12.5 करोड़ रुपये
मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर ऑफ द सीजन – वैभव सूर्यवंशी (15 लाख रुपये)
ऑरेंज कैप – वैभव सूर्यवंशी (10 लाख रुपये)
पर्पल कैप – कगिसो रबाडा (10 लाख रुपये)
इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन – वैभव सूर्यवंशी (10 लाख रुपये)
सबसे ज्यादा डॉट बॉल – मोहम्मद सिराज (10 लाख रुपये)
सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन – वैभव सूर्यवंशी (सिएरा कार)
सबसे ज्यादा छक्के – वैभव सूर्यवंशी (10 लाख रुपये)
सबसे ज्यादा चौके – साईं सुदर्शन (10 लाख रुपये)
कैच ऑफ द सीजन – मनीष पांडे (10 लाख रुपये)
प्लेयर ऑफ द फाइनल – विराट कोहली (5 लाख रुपये)
पिच एंड ग्राउंड अवॉर्ड – ईडन गार्डन्स (50 लाख रुपये)
पिच एंड ग्राउंड अवॉर्ड – धर्मशाला (25 लाख रुपये)

वैभव सूर्यवंशी रहे सीजन के सबसे बड़े सितारे
पूरे टूर्नामेंट में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का दबदबा देखने को मिला। उन्होंने ऑरेंज कैप जीतने के साथ-साथ मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर, सुपर स्ट्राइकर और सबसे ज्यादा छक्के लगाने का पुरस्कार भी अपने नाम किया। इन पुरस्कारों और सिएरा कार को मिलाकर उन्हें कुल 45 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार प्राप्त हुए।




































