KAWARDHA NEWS. कवर्धा जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र में युवक कोमल वर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कथित ब्लैकमेलिंग और निजी विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक कोमल वर्मा और आरोपी महिला मंदाकिनी वर्मा के बीच प्रेम संबंध थे। जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतक महिला के निजी वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे लगातार परेशान कर रहा था। इसी तनाव के बीच 28 मई की रात महिला ने कोमल को अपने घर बुलाया, जहां उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद आरोपी महिला ने अपने पति रामस्नेही वर्मा और देवर रुपेश वर्मा के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। आरोप है कि तीनों ने शव को बोरी में भरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से करीब 15 किलोमीटर दूर सोंढा गांव के पास फेंक दिया।

शनिवार को सोंढा गांव के खेत के निकट एक बोरी में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। शव की पहचान बैहरसरी निवासी कोमल वर्मा के रूप में हुई। मृतक 28 मई से लापता था, जिसके बाद परिजनों ने 29 मई को पोड़ी चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और पूछताछ जारी है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और निजी संबंधों से जुड़े विवादों के गंभीर परिणामों को एक बार फिर उजागर किया है।



































