IPL 2026 : रायपुर: कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल 2026 के 57वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 6 विकेट से हार मिली है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में बारिश के चलते देरी से शुरू हुआ। हालांकि, ओवरों में कटौती नहीं की गई। पहले खेलते हुए केकेआर ने 4 विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने विराट कोहली के शतक की मदद से आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
We’ve said this before and we’ll say it again,
𝐖𝐡𝐞𝐧 𝐠𝐫𝐞𝐚𝐭𝐧𝐞𝐬𝐬 𝐧𝐞𝐞𝐝𝐞𝐝 𝐚 𝐧𝐮𝐦𝐛𝐞𝐫, 𝐢𝐭 𝐜𝐡𝐨𝐬𝐞 1️⃣8️⃣. 🐐 pic.twitter.com/Qdx26rHGiz
— Royal Challengers Bengaluru (@RCBTweets) May 13, 2026

193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने 60 गेंदों में नाबाद 105 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। कोहली ने सिर्फ 58 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और मैच में कोलकाता को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद कोहली ने शानदार अंदाज में फॉर्म में वापसी की।

यह विराट कोहली का आईपीएल में 9वां शतक रहा, जो लीग इतिहास में किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा है। इसी के साथ वह टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। अब उनके नाम टी20 क्रिकेट में 10 शतक हो गए हैं। उन्होंने अभिषेक शर्मा के 9 शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

विराट कोहली ने इस मुकाबले में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। यह उनका 279वां आईपीएल मैच था और इसी के साथ वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के 278 मैचों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

बेंगलुरु ने इस जीत के साथ रायपुर के मैदान पर आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज भी दर्ज किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड भी आरसीबी के नाम था, जिसने इसी सीजन मुंबई इंडियंस के खिलाफ 167 रन का लक्ष्य हासिल किया था। अब बेंगलुरु ने 193 रन का लक्ष्य हासिल कर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया।

इस जीत के साथ आरसीबी के 12 मैचों में 16 पॉइंट हो गए हैं और टीम टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। गुजरात टाइटंस के भी 16 पॉइंट हैं लेकिन नेट रन रेट के मामले में आरसीबी बेहतर है। वहीं 11 मैच में 9 पॉइंट के साथ केकेआर 8वें नंबर पर है।


































