RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर के बिरगांव क्षेत्र स्थित कन्हेरा गांव में बिजली सब स्टेशन निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण को लेकर शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए ग्रामीण सड़क पर उतर आए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस तथा ग्रामीणों के बीच तीखी झड़प की स्थिति बन गई।

मिली जानकारी के मुताबिक बिरगांव-उरला नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कन्हेरा गांव की चरागाह भूमि पर बिजली विभाग द्वारा सब स्टेशन निर्माण की योजना बनाई गई है। प्रशासन इस दिशा में अधिग्रहण प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है, लेकिन गांव के लोग शुरू से ही इसका विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन गांव की सार्वजनिक उपयोग की भूमि है और यहां वर्षों से निस्तार एवं मुक्तिधाम जैसी आवश्यक गतिविधियां संचालित होती रही हैं।

पहले भी प्रशासन को सौंपा गया था विरोध पत्र
ग्रामीणों के अनुसार, इस मुद्दे को लेकर ग्राम पंचायत कन्हेरा ने करीब एक साल पहले ही प्रशासन को अपनी आपत्ति दर्ज करा दी थी। 8 जनवरी 2025 को सरपंच, उपसरपंच और ग्रामीणों ने तत्कालीन कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर खसरा नंबर 372/1 की करीब 8.3236 हेक्टेयर चरागाह भूमि पर सब स्टेशन निर्माण का विरोध किया था। ज्ञापन में कहा गया था कि ग्रामीणों की असहमति के बावजूद सीमांकन की कार्रवाई जबरन की जा रही है, जिससे गांव में तनाव बढ़ सकता है।

महिलाओं और बच्चों को हिरासत में लेने पर बढ़ा आक्रोश
शनिवार को जब प्रशासनिक टीम अधिग्रहण प्रक्रिया के तहत मौके पर पहुंची तो बड़ी संख्या में ग्रामीण विरोध प्रदर्शन करने लगे। हालात बिगड़ते देख भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान पुलिस ने कई महिलाओं और बच्चों को हिरासत में लेकर बस के जरिए सेंट्रल जेल भेज दिया। हालांकि बाद में उन्हें गांव वापस छोड़ने की बात कही गई, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और वापस जाने से इनकार कर दिया।

फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार ग्रामीणों को समझाने और माहौल शांत कराने की कोशिश में जुटे हुए हैं।



































