RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए राज्य के 18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। तेज गर्म हवाओं के साथ तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है।

धमतरी जिले में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यहां की तपती रेत पर बिना आग और तेल के पापड़ सिक रहे हैं, जबकि सीमेंट के गर्म फर्श पर अंडा डालते ही उसकी भुर्जी तैयार हो जा रही है। इन दृश्यों ने लोगों को हैरान कर दिया है और गर्मी की भयावहता साफ दिखाई दे रही है।

लू और तेज धूप के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। दोपहर में शहर की सड़कें सूनी पड़ जाती हैं। लोगों का कहना है कि इस समय बाहर निकलना बीमारी को न्योता देने जैसा है। गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।

डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। बाहर निकलते समय सिर और मुंह को सूती कपड़े या गमछे से ढकने की अपील की गई है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, सिरदर्द और आंखों में जलन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ज्यादा से ज्यादा पानी, ORS और नींबू पानी पीने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, रायगढ़, मुंगेली, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम और राजनांदगांव समेत कई जिलों में लू चलने की संभावना है। वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा और जांजगीर-चांपा जिलों में भी गर्मी का असर बढ़ेगा। अगले 24 से 48 घंटों में तापमान और बढ़ने के आसार हैं। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की है।




































