BILASPUR NEWS. बिलासपुर में एक भाजपा नेत्री से कथित तौर पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और ढाई करोड़ रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह पर माइनिंग कारोबार में निवेश के नाम पर ठगी करने, भरोसे का फायदा उठाकर दुष्कर्म करने और बाद में ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद बिलासपुर पुलिस ने आरोपी को रांची से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, भाजपा नेत्री का सरकारी और संगठनात्मक कार्यों के सिलसिले में दिल्ली आना-जाना होता था। करीब दो वर्ष पहले दिल्ली में उनकी मुलाकात रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह से हुई। आरोपी ने खुद को बड़ा उद्योगपति और माइनिंग कारोबारी बताते हुए महिला को व्यापार में साझेदारी और भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया।
बताया जा रहा है कि कारोबारी के भरोसे में आकर महिला ने आरटीजीएस और नकद माध्यम से अलग-अलग किश्तों में करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये निवेश कर दिए। इस दौरान दोनों के बीच लगातार संपर्क बना रहा और संबंधों में नजदीकियां बढ़ती गईं।

दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, सितंबर 2025 में आरोपी ने दिल्ली में उनके साथ जबरन दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया और कथित रूप से ब्लैकमेल करते हुए पैसों की मांग करने लगा।

जब महिला ने निवेश की रकम वापस मांगी, तब आरोपी ने उन्हें बदनाम करने और जान से मारने की धमकी दी। लगातार मानसिक प्रताड़ना और कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर महिला ने आखिरकार बिलासपुर के सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मोबाइल चैट, बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल खंगाले
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों के बीच हुई मोबाइल चैट, कॉल डिटेल्स, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच की। प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की विशेष टीम को आरोपी की तलाश में झारखंड भेजा गया।

रांची में दबिश, आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर पुलिस की टीम ने रांची में दबिश देकर आरोपी संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसे बिलासपुर लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में वित्तीय लेनदेन और अन्य पहलुओं की भी विस्तृत जांच जारी है तथा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



































