DANTEWADA NEWS. दंतेवाड़ा जिले से रिश्तों, शक और साजिश का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक डीआरजी जवान की पत्नी ने पति के कथित प्रेम प्रसंग के शक में कॉलेज छात्रा की सुपारी देकर हत्या करवा दी। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर पिकअप वाहन से गांव लाया गया और घर के पीछे नाले किनारे दफना दिया गया। करीब दो साल पुराने इस मामले का खुलासा पुलिस ने दोबारा जांच के दौरान किया है। आरोपियों की निशानदेही पर खुदाई कर बोरे में दबा कंकाल बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, डीआरजी जवान पांडू करटम ग्राम तोयलंका का रहने वाला है। उसकी पहली पत्नी की मौत के बाद उसने कमली करटम (40) से दूसरी शादी की थी। कमली को लंबे समय से शक था कि उसके पति का कॉलेज छात्रा रामदई कश्यप (22) से प्रेम संबंध है। इसी शक ने धीरे-धीरे साजिश का रूप ले लिया।
जांच में सामने आया कि कमली अपने पति और युवती की कथित नजदीकियों से नाराज थी और उसने रामदई को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली।

50 हजार की सुपारी देकर रची हत्या की साजिश
पुलिस जांच के अनुसार, कमली करटम ने अपने रिश्तेदार हुंगाराम उर्फ बुट्टू करटम को रामदई की हत्या के लिए ₹50 हजार देने का सौदा किया। घटना के दौरान डीआरजी जवान गांव आया हुआ था। इसी बीच कमली ने अपनी सौतेली बेटी लक्ष्मी (22) को दंतेवाड़ा भेजा, जिसने फोन पर छात्रा की लोकेशन की जानकारी जुटाई।
लोकेशन मिलने के बाद आरोपी हुंगाराम पिकअप वाहन से दंतेवाड़ा पहुंचा और कथित तौर पर घर में घुसकर रामदई की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने में भी परिवार के लोगों ने सहयोग किया।

बोरे में भरकर घर के पीछे दफनाया शव
वारदात के बाद शव को बोरे में बंद कर पिकअप वाहन से ग्राम तोयलंका ले जाया गया। यहां घर के पीछे नाले के पास जमीन खोदकर शव को दफना दिया गया। यह घटना जून 2024 की बताई जा रही है। इसके बाद युवती की गुमशुदगी दर्ज हुई, लेकिन शुरुआती जांच में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

कॉल डिटेल और पूछताछ से खुला राज
पुलिस ने मामले को दोबारा खोलते हुए मृतका और संदिग्धों की कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और रिश्तेदारों के बयान खंगाले। जांच में कई संदिग्ध कड़ियां सामने आईं। संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने पर कमली करटम ने कथित तौर पर पूरी साजिश कबूल कर ली।

पत्नी और सौतेली बेटी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वाली कमली करटम और सहयोगी सौतेली बेटी लक्ष्मी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं हत्या को अंजाम देने का आरोपी हुंगाराम उर्फ बुट्टू करटम फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।


































