बिहार: बिहार के सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र स्थित बहुआरा पट्टी गांव में एक अनोखी शादी ने पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। इस घटना को देखकर लोगों को फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ की कहानी याद आ गई। यहां एक पति ने पंचायत के सामने अपनी पत्नी का हाथ उसके प्रेमी के हाथों में सौंप दिया। गांव में हुई इस शादी की चर्चा अब दूर-दूर तक हो रही है।

जानकारी के मुताबिक, 32 वर्षीय ज्योति कुमारी की शादी कई साल पहले अनूप कुमार राम से हुई थी और दोनों के चार बच्चे भी हैं। परिवार रोजगार के सिलसिले में पश्चिम बंगाल के आसनसोल में रहता था। इसी दौरान अनूप के दोस्त राजेश दास का घर पर आना-जाना बढ़ा और धीरे-धीरे ज्योति और राजेश के बीच प्रेम संबंध बन गए। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के बीच करीब 14 वर्षों से संबंध थे।

समय बीतने के साथ मामला इतना बढ़ गया कि राजेश गांव पहुंचकर ज्योति के साथ रहने लगा। इसके बाद परिवार और गांव में विवाद शुरू हो गया। मामला पुलिस तक भी पहुंचा, लेकिन समाधान नहीं निकलने पर पंचायत बुलाई गई। पंचायत में लंबे समय तक चली बातचीत के बाद पति अनूप कुमार राम ने पत्नी की खुशी को प्राथमिकता देते हुए दोनों की शादी कराने पर सहमति दे दी।

इसके बाद ग्राम कचहरी के पास स्थित मंदिर में ग्रामीणों की मौजूदगी में ज्योति और राजेश की शादी कराई गई। शादी के दौरान सबसे भावुक दृश्य तब देखने को मिला, जब महिला के चारों बच्चे अपनी मां की दूसरी शादी को चुपचाप देखते रहे। गांव की कई महिलाएं भी इस दृश्य को देखकर भावुक हो गईं। इस घटना को लेकर गांव में अलग-अलग तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

कुछ लोग इसे सच्चे प्यार की जीत बता रहे हैं, तो कुछ इसे पारिवारिक रिश्तों के टूटने की दुखद कहानी मान रहे हैं। वहीं, कई ग्रामीण बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जता रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि पति ने बड़ा दिल दिखाते हुए पत्नी की खुशी को चुना, जबकि अन्य इसे गलत फैसला बता रहे हैं। फिलहाल यह अनोखी शादी पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।




































