मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दुखद मामला सामने आया है। गायघाट थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का कहना है कि शादी के लिए बार-बार रिश्ता टूटने के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थी।

मृतका की पहचान गायघाट थाना क्षेत्र के मकरंदपुर गांव निवासी अंशु कुमारी के रूप में हुई है। वह पीतांबर कुमार की पुत्री थीं। परिजनों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों से उसकी शादी के लिए लड़का तलाशा जा रहा था। इस दौरान 10 से अधिक परिवार उसे देखने आए, लेकिन किसी भी जगह रिश्ता तय नहीं हो सका।

परिवार का कहना है कि अंशु को लगता था कि उसके सांवले रंग की वजह से बार-बार शादी की बात आगे नहीं बढ़ पा रही है। इसी कारण वह काफी परेशान रहती थी।

बताया गया कि बुधवार को भी एक परिवार उसे देखने आने वाला था। इसे लेकर वह काफी तनाव में थी और आशंका जता रही थी कि इस बार भी रिश्ता टूट जाएगा। मंगलवार रात उसने खाना नहीं खाया और अपने कमरे में सोने चली गई।

बुधवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने खिड़की से देखा। अंदर अंशु का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एसडीपीओ अलय वत्स ने बताया कि युवती के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.





































