MAHASAMUND NEWS. छत्तीसगढ़ सरकार के “सुशासन तिहार 2026” के तहत आयोजित समाधान शिविरों में लोगों की समस्याओं और मांगों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। शुक्रवार को पिथौरा विकासखंड के ग्राम मुढ़ीपार में आयोजित समाधान शिविर उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब आबकारी विभाग को शराब दुकानों में “गोवा ब्रांड” की शराब उपलब्ध कराने की मांग वाला आवेदन मिला।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल मौजूद रहे। कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।

इस दौरान आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक विभाग को कुल दो शिकायतें प्राप्त हुई हैं और दोनों में ही शराब दुकानों में “गोवा ब्रांड” की शराब उपलब्ध कराने की मांग की गई है। अधिकारी की यह जानकारी सुनते ही प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल मुस्कुरा पड़े, जिससे शिविर में मौजूद लोगों के बीच हल्का हास्य का माहौल बन गया।

हालांकि मंत्री बघेल ने स्पष्ट कहा कि समाधान शिविर में आने वाले हर आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी आवेदन को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और “कोई भी आवेदन कचरे के डब्बे में नहीं जाएगा।”

गौरतलब है कि “सुशासन तिहार 2026” के तहत लगाए जा रहे समाधान शिविरों में आमजन अपनी समस्याएं, मांगें और सुझाव सीधे प्रशासन के सामने रख रहे हैं, जिनके निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।






































