GARIYABAND NEWS. छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल को लेकर बढ़ती अफवाहों और अचानक बढ़ी मांग के बीच गरियाबंद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर ने पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर अस्थायी सीमा तय करते हुए दोपहिया वाहनों में अधिकतम 300 रुपये और चारपहिया वाहनों में 1000 रुपये तक ही ईंधन देने के निर्देश जारी किए हैं।

जमाखोरी रोकने प्रशासन सख्त
जारी आदेश के अनुसार पेट्रोल-डीजल की अनावश्यक खरीद और भंडारण पर रोक लगाने के लिए ड्रम, जरीकेन और बोतलों में ईंधन बेचने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि एम्बुलेंस और अन्य जरूरी सेवा वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

“स्थिति नियंत्रण में, पैनिक की जरूरत नहीं”
जिला खाद्य अधिकारी अरविन्द दुबे ने कहा कि फिलहाल सप्लाई में हल्की कमी जरूर है, लेकिन हालात चिंताजनक नहीं हैं। उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर तीन दिन में जितना ईंधन खपत होता है, उतना अब एक ही दिन में हो रहा है। अफवाहों के चलते लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल स्टोर कर रहे हैं, इसलिए अस्थायी तौर पर यह व्यवस्था लागू की गई है।

प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक मौजूद
खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने भी स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। राज्य में वर्तमान में 2516 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं।

प्रदेश में फिलहाल:
पेट्रोल का 45,474 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है
डीजल का 84,654 किलोलीटर स्टॉक मौजूद है
वहीं दैनिक आवश्यकता:
पेट्रोल – 3,635 किलोलीटर
डीजल – 5,873 किलोलीटर
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को विभिन्न ऑयल डिपो में 6,551 किलोलीटर पेट्रोल और 4,760 किलोलीटर डीजल की आपूर्ति हुई है।
रायपुर और बिलासपुर में कुछ पंप ड्राई आउट
खाद्य सचिव के मुताबिक रायपुर में कुल 326 पेट्रोल पंपों में से 35 और बिलासपुर में 156 में से 13 पंप अस्थायी रूप से ड्राई आउट हैं। इन पंपों में जल्द सप्लाई पहुंचाने का काम जारी है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और पैनिक खरीदारी या ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें। शासन और ऑयल कंपनियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सभी पंपों पर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।



































