BILASPUR NEWS. शहर में नकली खाद्य सामग्री के अवैध कारोबार पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापार विहार स्थित एक ट्रांसपोर्ट परिसर से भारी मात्रा में संदिग्ध ‘एवरेस्ट’ मीट मसाला जब्त किया है। विभाग की टीम ने ‘श्री मारुति गुड्स गैरेज’ में दबिश देकर 9 बॉक्स मसाला सीज किया, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

कार्रवाई के दौरान एवरेस्ट मसाला कंपनी के प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने पैकेजिंग, प्रिंटिंग और उत्पाद की गुणवत्ता की जांच के बाद प्रथम दृष्टया मसाले को नकली बताया। इसके बाद विभाग ने पूरे स्टॉक को जब्त कर जांच शुरू कर दी।

कहां से आया और कहां जाना था माल, जांच जारी
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह माल किस व्यापारी का है और इसे किस बाजार में खपाने की तैयारी थी। खाद्य विभाग ने संबंधित ट्रांसपोर्टर को नोटिस जारी कर बुकिंग डिटेल, बिल और दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विभाग अब सप्लाई नेटवर्क और नकली मसाले के मुख्य स्रोत की तलाश में जुट गया है।

लैब जांच के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के डीओ आर.आर. देवांगन ने बताया कि शुरुआती जांच में मसाला संदिग्ध पाया गया है। कंपनी प्रतिनिधियों की पुष्टि के बाद मसाले के सैंपल परीक्षण के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नकली खाद्य सामग्री से लोगों की सेहत पर खतरा
विशेषज्ञों का कहना है कि नकली मसाले और खाद्य उत्पाद सीधे लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते हैं। ऐसे उत्पादों में घटिया और हानिकारक सामग्री इस्तेमाल होने की आशंका रहती है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।




































