Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT रायपुर) के हॉस्टल में सोमवार दोपहर चोरी की बड़ी घटना सामने आई। सेमेस्टर परीक्षा के दौरान एक अज्ञात युवक हॉस्टल परिसर में घुसा और छात्रों के कमरों से 15 से ज्यादा लैपटॉप चोरी करके फरार हो गया।

परीक्षा के दौरान खाली कमरों में घुसपैठ
सोमवार को अधिकांश छात्र सेमेस्टर परीक्षा देने के लिए कक्षाओं में थे। इसी दौरान सफेद शर्ट पहने एक युवक बिना किसी रोक-टोक के हॉस्टल में दाखिल हुआ। उसने एक-एक कर कई कमरों में घुसकर लैपटॉप्स निकाले और दो बड़े बैगों में भर लिए। इसके बाद वह आराम से हॉस्टल से बाहर निकल गया। शाम को परीक्षा खत्म कर लौटे छात्रों ने जब कमरे खोले तो सामान बिखरा पड़ा मिला और लैपटॉप गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही पूरे हॉस्टल में हड़कंप मच गया।

CCTV में कैद हुआ चोर, गार्ड ने नहीं रोका
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक दो बैग लेकर हॉस्टल से बाहर जाते हुए साफ दिखाई दे रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उस समय हॉस्टल गेट पर सुरक्षा गार्ड मौजूद था, लेकिन उसने युवक को न रोका और न ही उससे कोई पूछताछ की।इस लापरवाही पर छात्रों में भारी गुस्सा है। छात्रों का कहना है कि यदि सुरक्षा कर्मियों ने सतर्कता बरती होती तो यह चोरी रोकी जा सकती थी।

पढ़ाई का सामान चोरी, परीक्षा प्रभावित
पीड़ित छात्रों ने बताया कि चोरी गए लैपटॉप में परीक्षा नोट्स, प्रोजेक्ट फाइलें, असाइनमेंट और अन्य जरूरी स्टडी मटेरियल थे। मंगलवार को भी परीक्षा होने के कारण कई छात्रों की तैयारी बुरी तरह प्रभावित हो गई है। कुछ कमरों से मोबाइल फोन, पर्स, क्रेडिट कार्ड और अन्य कीमती सामान भी गायब हैं। घटना के बाद हॉस्टल में डर और असुरक्षा का माहौल है।

IIIT रायपुर के डायरेक्टर ओपी व्यास ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है। CCTV फुटेज की मदद से संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई और पुलिस रिपोर्ट दर्ज कराने का फैसला लिया जाएगा।





































