Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में शादी की खुशियों का माहौल अचानक डर और दहशत में बदल गया। हल्दी लगाने के बाद दुल्हन के होंठ सूज गए और शरीर पर तेज खुजली शुरू हो गई। दुल्हन सहित परिवार के अन्य सदस्यों को भी गंभीर एलर्जी हो गई। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दुल्हन को एडमिट किया गया। यह पूरा मामला इलाके में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

दरअसल खरगोन जिले के कसरावद में एक परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। हल्दी की रस्म के दौरान दुल्हन और उनके परिजनों के शरीर पर पैकेट वाली हल्दी से तेज एलर्जी हो गई।

दुल्हन के होंठों पर सूजन आ गई, जिसके बाद पूरे परिवार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। दुल्हन को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य तीन-चार परिजनों को खरगोन में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

डॉ. ने बताया कि दुल्हन को एलर्जिक रिएक्शन के कारण भर्ती किया गया है। पैकेट वाली हल्दी में मिले केमिकल की वजह से यह समस्या हुई। हल्दी लगाने के कुछ देर बाद ही शरीर में खुजली शुरू हो गई और दुल्हन के होंठ सूज गए।

दही या मलाई मिलाकर बनाएं लेप
हल्दी में मौजूद तत्व करक्यूमिन के कारण त्वचा पर जलन, लाल चकत्ते या एलर्जी हो सकती है। यदि त्वचा संवेदनशील हो, तो इसका असर ज्यादा होता है। आजकल हल्दी में केमिकल की मिलावट भी की जा रही है, जिस कारण रिएक्शन हो सकता है। हल्दी में लेड क्रोमेट और मेटानिल यलो जैसी मिलावट भी पाई जा रही है, जिससे खुजली या सूजन हो सकती है। हल्दी शरीर पर लगाने से पहले पैच टेस्ट करें। हल्दी का लेप पहले कोहनी पर लगाकर जांच लें। त्वचा की जलन कम करने के लिए हल्दी में दही या मलाई मिलाकर लगाएं।


































