उत्तरप्रदेश के हापुड़ जिले के दिल्ली रोड स्थित बालाजी मंदिर में एक शातिर चोरी की वारदात सामने आई है। ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी का डिलीवरी बॉय बनकर आए एक युवक ने मंदिर के गेट पर लगे प्याऊ की टोटियों को चुरा लिया।

युवक बाइक पर सवार होकर मंदिर पहुंचा। उसने गाड़ी रोकी, चारों तरफ देखा और पलक झपकते ही प्याऊ से एक टोटी निकालकर अपने बैग में रख ली। इसके बाद वह कुछ दूर गया, फिर यू-टर्न लेकर वापस लौटा और दूसरी टोटी भी चुरा ली। हैरानी की बात यह है कि उसने तीसरी टोटी को हाथ तक नहीं लगाया। चोरी की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ रिकॉर्ड हो गई।

टोटी खुलते ही प्याऊ से हजारों लीटर पानी नाले में बह गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मंदिर समिति और स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। लोग धार्मिक स्थलों में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जता रहे हैं। मंदिर प्रबंधन ने चोर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नगर कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। आसपास के इलाकों के अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





































