Ashwin Joshi Passes Away इंदौर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अश्विन जोशी का निधन हो गया है। 66 वर्षीय जोशी पिछले कई दिनों से बीमारी से जूझ रहे थे। सीने में तेज दर्द और सांस लेने में तकलीफ के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान आज उन्होंने अंतिम सांस ली।

बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनके निधन की खबर मिलते ही इंदौर के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।

अश्विन जोशी वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेश जोशी के भतीजे थे और इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 में एक जाना-पहचाना चेहरा माने जाते थे। वे अपने सरल स्वभाव, मृदुभाषी व्यक्तित्व और मजबूत जनसंपर्क के लिए लोकप्रिय थे।

वे 1998 से 2013 तक लगातार तीन बार विधायक रहे और 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के आकाश विजयवर्गीय के खिलाफ कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव भी लड़ा था। कांग्रेस संगठन में उनकी मजबूत पकड़ थी और वे पार्टी के सक्रिय एवं समर्पित नेता के रूप में जाने जाते थे।

अश्विन जोशी के निधन से कांग्रेस पार्टी में गहरा शोक व्याप्त है। उनके परिवार, समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस अपूरणीय क्षति पर दुख जताया है।



































