BILASPUR NEWS. तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कथित सुपारी देने वाले मुख्य आरोपी नवीन पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने श्याम कश्यप की हत्या के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराए थे। मामले में इससे पहले दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई की सुबह करीब 6.45 बजे श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। रेलवे अस्पताल के पास पहुंचने पर तीन नकाबपोश युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडे तथा नुकीली वस्तु से मारपीट की। घटना के बाद शिशिर कश्यप की रिपोर्ट पर तारबाहर थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुलती गई कड़ियां
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की पहचान की गई और संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी नितिन टेकाम, साहिल सोनकर और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ और मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की जांच कथित तौर पर सुपारी देने वाले आरोपी नवीन पटेल तक पहुंची।

पूछताछ में सामने आया पैसों का कनेक्शन
पुलिस के मुताबिक, नवीन पटेल को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर श्याम कश्यप की हत्या के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में एएसपी क्राइम मधुलिका सिंह, एएसपी शहर पंकज पटेल, सीएसपी सिटी कोतवाली गगन कुमार, डीएसपी क्राइम सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना पुलिस और एसीसीयू की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






































