KOLKATA NEWS. पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। नंदीग्राम से भाजपा विधायक और नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने अपने पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर सत्ताधारी दल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अधिकारी ने दावा किया कि यह हत्या राजनीतिक बदले की भावना से कराई गई और इसकी वजह ममता बनर्जी की चुनावी हार है।

गुरुवार को मीडिया से बातचीत में सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि उनके PA चंद्रनाथ रथ को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि उन्होंने चुनाव में ममता बनर्जी को नंदीग्राम में हराया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भवानीपुर और नंदीग्राम के चुनावी घटनाक्रम का बदला लेने के लिए इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया।

पूर्व वायुसेना कर्मी थे चंद्रनाथ रथ
मृतक चंद्रनाथ रथ पिछले करीब पांच वर्षों से सुवेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए थे। इससे पहले वे भारतीय वायुसेना में अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनके निधन से परिवार और समर्थकों में गहरा आक्रोश है।
चंद्रनाथ की मां ने भी भावुक आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ नेताओं ने पहले ही धमकी दी थी कि “4 तारीख के बाद कोई बच नहीं पाएगा।” परिवार ने इस घटना को चुनावी रंजिश से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पोस्टमार्टम में चार गोलियां लगने की पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि चंद्रनाथ रथ को चार गोलियां मारी गई थीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

अब तक जांच में क्या सामने आया
-पुलिस ने मामले में अब तक 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
-हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई है।
-इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों के मूवमेंट का पता लगाया जा सके।

सुवेंदु अधिकारी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि “यह सिर्फ एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि लोकतंत्र पर हमला है। वहीं, इस बयान के बाद पश्चिम बंगाल की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।



































