BALRAMPUR NEWS. बलरामपुर जिले में फर्जी दस्तावेजों के जरिए शासकीय सेवा पाने का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम कोल्हुआ स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक लालमन सिंह को जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर नाम बदलकर और गलत शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के आधार पर नौकरी हासिल करने का गंभीर आरोप है।

शिकायत से खुला पूरा मामला
इस पूरे मामले का खुलासा ग्राम कुशफर निवासी सत्यनारायण द्वारा की गई शिकायत से हुआ। उन्होंने 11 अप्रैल 2025 को कलेक्टर के समक्ष साक्ष्यों के साथ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि ग्राम पंचायत कुशफर के सरपंच लालमन सिंह और शिक्षा विभाग में कार्यरत प्रधान पाठक लालमन सिंह दोनों एक ही पिता के नाम का उपयोग कर रहे हैं। आरोप था कि जालसाजी के जरिए एक ने सरपंच पद और दूसरे ने सरकारी नौकरी हासिल की।

जांच में सामने आई असली पहचान
कलेक्टर के निर्देश पर गठित जांच टीम ने जब मामले की जांच की, तो शिकायत सही पाई गई। जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि कोल्हुआ में पदस्थ प्रधान पाठक लालमन सिंह का असली नाम रामदुलार है और उनके पिता का नाम जीतू है। उन्होंने असली लालमन सिंह के नाम और दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर नौकरी प्राप्त की थी।

नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के अनुसार, यह कृत्य ‘छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965’ के नियम-3 का उल्लंघन है। इसके चलते संबंधित कर्मचारी को ‘छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम-1966’ के तहत निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, रामचंद्रपुर तय किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग और प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं मामले की विस्तृत विभागीय जांच की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

against head teacher, balrampur news, Chhattisgarh News, Collector's order, crime, government job, major action taken, obtained through fake documents, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, फर्जी दस्तावेजों के जरिए मुआवजा, बलरामपुर जिले, लालमन सिंह को जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित, वाड्रफनगर विकासखंड, शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक




































