BILASPUR NEWS. शहर में स्वच्छता अभियान की आड़ लेकर दुकानदारों से अवैध वसूली और अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आने के बाद नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने स्वच्छता पेट्रोलिंग टीम के प्रभारी और वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक दीपक कुमार पंकज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई दुकानदार की शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर की गई।

घटना 27 अप्रैल की बताई जा रही है, जब जोन क्रमांक 6 स्थित मिश्रा किराना स्टोर में स्वच्छता पेट्रोलिंग टीम पहुंची। टीम ने प्रतिबंधित पॉलिथीन की कार्रवाई का डर दिखाकर दुकानदार से 20 हजार रुपये की मांग की। आरोप है कि दबाव बनाने के बाद टीम ने 7 हजार रुपये अवैध रूप से वसूल लिए, लेकिन कोई रसीद नहीं दी।

CCTV फुटेज में खुली करतूत
दुकानदार द्वारा उपलब्ध कराए गए CCTV फुटेज में टीम की गतिविधियां संदिग्ध और आपत्तिजनक पाई गईं। जांच में सामने आया कि टीम ने बिना भुगतान किए कोल्ड ड्रिंक और अन्य सामान लिया, दुकानदार के साथ अभद्रता की, सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान कर नियमों का उल्लंघन किया।

गलती छिपाने बैक डेट में काटी रसीद
मामला बढ़ने और शिकायत की भनक लगते ही टीम ने 27 अप्रैल की वसूली को वैध दिखाने के लिए 28 अप्रैल को बैक डेट की रसीद जारी कर दी। हालांकि, तब तक शिकायत निगम प्रशासन तक पहुंच चुकी थी।

कमिश्नर का सख्त संदेश
मामले की जांच में दोषी पाए जाने पर कमिश्नर ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार और जनता के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद नगर निगम कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि नियमों से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय है।



































