BILASPUR NEWS. जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोगरा में जनगणना ड्यूटी पर तैनात एक शिक्षक के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए आरोपी ने न केवल शिक्षक से धक्का-मुक्की की, बल्कि उनका सरकारी पहचान पत्र (आईडी कार्ड) भी फाड़ दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ड्यूटी के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उड़नताल में पदस्थ शिक्षक नेतराम पैकराय की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगी थी। शनिवार सुबह करीब 10 बजे वे ग्राम घोगरा में सर्वे कार्य के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान मकान नंबर 141 के पास गांव का निवासी निर्मल सतनामी उनसे बहस करने लगा।

मारपीट कर फाड़ा आईडी कार्ड
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने शिक्षक के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शिक्षक द्वारा समझाने के बावजूद आरोपी नहीं माना और उनका आईडी कार्ड छीनकर फाड़ दिया।

पंचायत भवन में भी हंगामा
घटना के बाद शिक्षक जब शिकायत करने पंचायत भवन पहुंचे, तो आरोपी वहां भी पहुंच गया। सरपंच की मौजूदगी में उसने शिक्षक का कॉलर पकड़ लिया और धमकी दी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों के हस्तक्षेप से स्थिति को शांत कराया गया।

पीछा कर डराने का आरोप
पीड़ित शिक्षक के अनुसार, जब वे वहां से डगौरी की ओर निकले, तब भी आरोपी ने चुराघाट तक उनका पीछा कर उन्हें डराने की कोशिश की।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलने के बाद बिल्हा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट और धमकी देने की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच जारी है।
bilaspur news, Chhattisgarh News, FIR registered against accused, ID card torn, Obstruction in census duty, Teacher assaulted, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, जनगणना ड्यूटी पर तैनात एक शिक्षक, मारपीट और अभद्रता का मामला, शिक्षक से धक्का-मुक्की, सरकारी पहचान पत्र (आईडी कार्ड) भी फाड़ दिया



































