BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में शनिवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज धूप और उमस से परेशान लोगों को उस वक्त राहत मिली जब आंधी, गरज-चमक और बारिश ने शहर को भिगो दिया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।

अचानक बदला मौसम, तेज आंधी के साथ बारिश
सुबह तक तेज गर्मी और उमस झेल रहे शहरवासियों के लिए दोपहर का समय राहत भरा रहा। अचानक तेज हवाओं के साथ मौसम बदला और शहर के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। आंधी-तूफान के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।

मौसम विभाग ने पहले ही जताई थी संभावना
मौसम विभाग ने पहले ही अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश संभागों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई थी। साथ ही कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई थी।

एक नजर: बीते दिन का तापमान
शुक्रवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान दुर्ग 43.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विशेषज्ञ की जानकारी
मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के अनुसार, कश्मीर क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के साथ ही दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से उड़ीसा तक फैली द्रोणिका के प्रभाव से यह बदलाव देखा जा रहा है। इन परिस्थितियों के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर वज्रपात की संभावना बनी हुई है।






































