RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में संचालित वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की सुरक्षा को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। हाल ही में दूसरे राज्य में हुए क्रूज हादसे के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वॉटर स्पोर्ट्स से जुड़े सभी स्थलों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया है।

सरकार ने धमतरी, कोरबा सहित सभी जिलों के कलेक्टरों को अपने-अपने क्षेत्रों में वॉटर स्पोर्ट्स स्थलों का तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराने और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

निर्देशों में यह भी कहा गया है कि सभी उपकरणों की नियमित जांच हो, प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए मजबूत व्यवस्था तैयार रखी जाए। साथ ही, लाइफ जैकेट, रेस्क्यू उपकरण और अन्य आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता अनिवार्य की गई है।

प्रशासन को यह भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि कहीं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारियों और संचालकों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाए।

सरकार ने दोहराया है कि नागरिकों और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी के तहत सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा कर शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।





































