BALOD NEWS. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक विवाहित महिला और उसके पड़ोसी युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह दोनों के शव बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम परसोदा में एक खेत के पास पेड़ पर एक ही फंदे से लटके हुए मिले।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गब्दी (थाना अर्जुन्दा) की रहने वाली संतोषी बाई यादव (40) शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपने परिजनों से बैंक जाने की बात कहकर घर से निकली थी। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई सुराग न मिलने पर रात में ही अर्जुन्दा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।


पहचान और पुलिस कार्रवाई
रविवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने ग्राम परसोदा के पास खेत में दो शवों को पेड़ से लटके देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मोबाइल में मौजूद फोटो के आधार पर मृतकों की शिनाख्त संतोषी बाई और उसके पड़ोसी युवक थलेश खरांशू (25) के रूप में की।

पुलिस का बयान
बालोद कोतवाली टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बालोद भेज दिया है। मर्ग कायम कर परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके।





































