
घटना गुरुवार रात करीब 12:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि हमलावर घर के पीछे के रास्ते से दाखिल हुए। बदमाशों ने सबसे पहले पीड़ित भाइयों के माता-पिता को एक कमरे में बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद वे उस कमरे में पहुंचे जहाँ तीनों भाई-बहन सो रहे थे। नकाबपोशों ने आयुष और आशुतोष को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से एक आईफोन और लगभग 50-60 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।


रेत कारोबार से जुड़ी रंजिश की आशंका
मृतक के पिता सम्मेलाल कश्यप, जो कि सीमेंट-रेत व्यवसायी और कांग्रेस नेता हैं, ने आरोप लगाया है कि यह हत्या रेत कारोबार को लेकर उपजी रंजिश का परिणाम है। उन्होंने बताया कि आयुष हाल ही में रेत के व्यवसाय में सक्रिय हुआ था और परिवार ने एक हाइवा और जेसीबी भी खरीदी थी। प्रत्यक्षदर्शी बहन प्रेरणा कश्यप के मुताबिक, करीब एक हफ्ते पहले भी तीन युवक आयुष के बारे में पूछताछ करने घर आए थे।

पुलिस जांच और नाकेबंदी
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी एसपी निवेदिता पाल, एडिशनल एसपी उमेश कश्यप, साइबर सेल और फोरेंसिक की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसपी उमेश कुमार कश्यप ने कहा बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है और कॉल डिटेल के आधार पर संदिग्धों की तलाश जारी है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





































