KOLKATA NEWS. पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मंगलवार को चुनाव आयोग कार्यालय (ECO) के बाहर राजनीतिक माहौल गरमा गया। मतदाता सूची में कथित हेरफेर को लेकर प्रदर्शन कर रहे तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार, TMC समर्थित बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) का एक समूह मतदाता सूची में गड़बड़ी के विरोध में प्रदर्शन कर रहा था। आरोप है कि इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे वहां खड़े कई वाहनों को नुकसान पहुँचा। इसी बीच भाजपा कार्यकर्ता भी झंडे लेकर मौके पर पहुँच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों में टकराव शुरू हो गया।


ममता बनर्जी का ‘वोटर हाईजैकिंग’ का आरोप
इस घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि भाजपा, बिहार और उत्तर प्रदेश के अवैध वोटरों के नाम बंगाल की मतदाता सूची में शामिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इसे “वोटर हाईजैकिंग” करार देते हुए दावा किया कि भाजपा एजेंटों को मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में हजारों फर्जी ‘फॉर्म 6’ आवेदन जमा करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है।

पुलिस की कार्रवाई
कोलकाता पुलिस के मुताबिक, दोनों गुटों के बीच बढ़ती हिंसा को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हल्का बल प्रयोग (लाठीचार्ज) कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।



































