BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के कोटा थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की लाठी-डंडों और मुक्कों से बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोहन पांडे के रूप में हुई है, जो करगी खुर्द कोरी पारा का निवासी था और वर्तमान में गनियारी भादम में रह रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी राजा राम साहू (21) का मृतक से पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोहन पांडे को घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में मोहन पांडे गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे शरद कौशिक, निवासी गनियारी, भी हमले में घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजा राम साहू को हिरासत में ले लिया। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर दी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।



































