TEHRAN NEWS. मध्य-पूर्व में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। युद्ध के 17वें दिन ईरान ने पहली बार अपनी लंबी दूरी की ‘सेजिल बैलिस्टिक मिसाइल’ का इस्तेमाल किया, जबकि दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति ने NATO सहयोगियों से समर्थन नहीं मिलने पर कड़ा संदेश दिया है। ईरान की सैन्य इकाई इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने रविवार को इजराइल की सैन्य और रक्षा सुविधाओं को निशाना बनाते हुए ‘सेजिल’ बैलिस्टिक मिसाइल दागने का दावा किया।

यह सॉलिड फ्यूल पर आधारित रणनीतिक मिसाइल मानी जाती है, जिसकी मारक क्षमता लगभग 2000 से 2500 किलोमीटर तक बताई जाती है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान ने न तो युद्धविराम की मांग की है और न ही अमेरिका से बातचीत की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि जब तक आवश्यकता होगी, ईरान अपनी रक्षा करता रहेगा और संघर्ष से पीछे नहीं हटेगा।

जंग के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में 35 लोगों की गिरफ्तारी का आदेश दिया है, जिनमें 19 भारतीय नागरिक शामिल बताए गए हैं। यूएई के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमद सैफ अल शम्सी के अनुसार डिजिटल प्लेटफॉर्म की निगरानी के बाद यह कार्रवाई की गई, ताकि झूठी जानकारी के कारण किसी प्रकार की घबराहट या अशांति न फैले।

IRGC के प्रवक्ता अली मोहम्मद नैनी ने सरकारी प्रसारक IRIB को बताया कि ईरान के अधिकांश हथियार सुरक्षित हैं और कई उन्नत हथियार अभी इस्तेमाल ही नहीं किए गए हैं। उनके अनुसार 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध में ईरान ने अब तक लगभग 700 मिसाइलें, करीब 3600 ड्रोन, अमेरिका और इजराइल के ठिकानों की ओर दागे हैं। नैनी ने यह भी कहा कि फिलहाल जो मिसाइलें इस्तेमाल हो रही हैं, वे लगभग एक दशक पुरानी तकनीक की हैं, जबकि नई मिसाइलें अभी रिजर्व में रखी गई हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ब्रिटिश अखबार Financial Times को दिए इंटरव्यू में कहा कि अगर सहयोगी देश होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने में मदद नहीं करते हैं तो NATO का भविष्य मुश्किल में पड़ सकता है। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका लंबे समय से सहयोगियों का साथ देता आया है, लेकिन अब यह देखना होगा कि संकट की घड़ी में वे अमेरिका के लिए कितना खड़े होते हैं।

ट्रम्प ने ब्रिटेन के रुख पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि अमेरिका के हमलों के बाद ब्रिटेन ने दो जहाज भेजने की बात कही, जबकि उन्हें समर्थन पहले चाहिए था। उन्होंने दोहराया कि NATO व्यवस्था कई बार एकतरफा लगती है, जिसमें अमेरिका अधिक जिम्मेदारी उठाता है। ट्रम्प ने कहा कि अगर चीन होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने में मदद नहीं करता है, तो वे इस महीने होने वाली बैठक में शी जिनपिंग के साथ होने वाला शिखर सम्मेलन टालने पर विचार कर सकते हैं।
ईरान का आरोप – इजराइल ने किए वॉर क्राइम
ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने तेहरान में ईंधन भंडारों पर इजराइली हमलों की निंदा करते हुए कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है और इसके कारण स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर दीर्घकालिक प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इजराइल को वॉर क्राइम के लिए सजा मिलनी चाहिए।




































