BILASPUR NEWS. घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता नेहरू चौक पर एकत्रित हुए और केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता और मध्यम वर्गीय परिवार पहले ही त्रस्त हैं। अब रसोई गैस के दामों में वृद्धि ने घर के बजट को पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया है। नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर में 60 रुपये और कमर्शियल गैस सिलेंडर में 115 रुपये की भारी बढ़ोतरी की है, जो सीधे तौर पर गरीबों की जेब पर डाका डालने जैसा है।

पुलिस की मौजूदगी में हुआ प्रतीकात्मक पुतला दहन
विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की सख्ती के कारण कार्यकर्ताओं को पुतला दहन का पूरा अवसर नहीं मिल सका, लेकिन भारी गहमागहमी के बीच कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।


दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से महेंद्र गंगोत्री (अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण) सुधांशु मिश्रा (अध्यक्ष, शहर कांग्रेस कमेटी) सहित कई वर्तमान व पूर्व विधायक, वरिष्ठ नेता और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

चेतावनी: उग्र होगा आंदोलन
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि बढ़ी हुई कीमतों को जल्द वापस नहीं लिया गया, तो पार्टी आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी। सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज उठाई जाएगी ताकि केंद्र सरकार को इन जनविरोधी निर्णयों को बदलने पर मजबूर किया जा सके।




































