SURAJPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से सामने आए वन आरक्षक से मारपीट और जबरन डांस कराने के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मीडिया में खबर प्रसारित होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए संबंधित आरक्षक को नोटिस जारी किया है। हालांकि इस मामले की और तेजी से जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला सूरजपुर वन परिक्षेत्र के देवनगर इलाके का है। वायरल वीडियो में कुछ युवक वन आरक्षक के साथ मारपीट करते और उससे डांस कराते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए DFO ने वन आरक्षक सुखदेव पैकरा को देवनगर बीट से हटाकर मुख्यालय में अटैच कर दिया है। बताया जा रहा है कि आरक्षक ने अब तक इस घटना की आधिकारिक शिकायत विभाग को नहीं दी है।
सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय वन आरक्षक एक महिला मित्र के साथ नर्सरी परिसर में मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और विवाद के बाद मारपीट की घटना को अंजाम दिया। फिलहाल विभागीय स्तर पर मामले की जांच की जा रही है।




































