BALOD NEWS. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। चोरी के मामले में हिरासत में लाई गई एक महिला आरोपी पुलिस को चकमा देकर कोतवाली थाने से फरार हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबित आरक्षकों में शिव कुमार ध्रुव, पूर्णिमा ठाकुर और उमेश निषाद शामिल हैं। तीनों घटना के समय कोतवाली थाने में ड्यूटी पर तैनात थे। एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि चोरी के आरोप में गिरफ्तार महिला रेखा सोरी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था।

इसी दौरान उसने पुलिस की निगरानी से बचकर थाने से फरार होने में सफलता हासिल कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। एसपी के निर्देश पर मामले की जांच की गई, जिसमें ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर तीनों आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया।

पुलिस ने फरार महिला के खिलाफ एक और मामला दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी महिला को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बता दें कि इससे पहले भी छत्तीसगढ़ में आरोपियों के कस्टडी से भागने के मामले सामने आ चुके है। हालांकि कार्रवाई सिर्फ आरक्षकों या जिम्मेदार को सस्पेंड करने तक ही सीमित रह गई है।






































