BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ सरकंडा थाने के भीतर अचानक राइफल से गोली चल गई। इस घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशों के अनुसार, रात्रि गश्त पर तैनात जवानों को सशस्त्र ड्यूटी करने को कहा गया है। इसी क्रम में सरकंडा थाने में पदस्थ आरक्षक नवल तिवारी रविवार की रात राइफल के साथ गश्त पर थे।

सोमवार सुबह ड्यूटी खत्म होने के बाद, नवल तिवारी अपनी राइफल जमा करने थाने पहुंचे। नियमानुसार, राइफल जमा करने से पहले उसकी मैग्जीन निकालकर उसे खाली किया जाता है, लेकिन आरक्षक ने मैग्जीन निकाले बिना ही लापरवाही पूर्वक ट्रिगर दबा दिया।

पंखे के ब्लेड को चीरते हुए छत में घुसी गोली
ट्रिगर दबते ही राइफल से अचानक गोली चल गई। गनीमत रही कि राइफल की नोंक ऊपर की ओर थी, जिससे गोली सीधे छत पर चल रहे पंखे के ब्लेड को चीरती हुई छत में जा धंसी। गोली चलने की तेज आवाज से थाने के भीतर मौजूद पुलिसकर्मियों में भगदड़ मच गई। शुरू में किसी को समझ नहीं आया कि फायरिंग कहाँ से हुई है, लेकिन बाद में आरक्षक की लापरवाही सामने आई।

एसएसपी की सख्त कार्रवाई
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो एक बड़ी राहत की बात रही। घटना की जानकारी मिलते ही टीआई प्रदीप आर्या ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। मामले की जांच के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने इसे गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए आरक्षक नवल तिवारी को सस्पेंड कर दिया है।




































