BILASPUR NEWS. धर्मनगरी रतनपुर के पास ग्राम खैरा में भक्ति और आस्था के केंद्र शिव मंदिर में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहाँ पूजा करने गई एक महिला के साथ गाँव के ही एक युवक ने सरेआम छेड़छाड़ की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, रतनपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

घटना 20 फरवरी की है, जब पीड़िता गाँव के तालाब स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने गई थी। आरोप है कि उसी दौरान गाँव का निवासी राजा उर्फ चंदसेन अचानक वहां पहुँच गया। आरोपी ने बुरी नीयत से महिला के दोनों हाथ पकड़ लिए और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा।

जब महिला ने साहस दिखाते हुए इसका विरोध किया, तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी बीच गाँव के कुछ अन्य लोगों को वहां आता देख आरोपी पकड़े जाने के डर से मौके से फरार हो गया।

पुलिस की ‘क्विक एक्शन’ टीम ने की गिरफ्तारी
पीड़िता ने इस मामले की रिपोर्ट थाना रतनपुर में दर्ज कराई। महिला संबंधी अपराध की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने तत्काल टीम गठित की। पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश देकर राजा उर्फ चंदसेन नेताम, पिता- कामेन्द्र कुमार नेताम (निवासी खैरा, रतनपुर) को गिरफ्तार कर लिया।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के साथ प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह और आरक्षक बिजेन्द्र रात्रे की मुख्य भूमिका रही।




































