COLOMBO NEWS.टी-20 वर्ल्ड कप का आगाज हो गया है। इसी क्रम में क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विता आज यानी 15 फरवरी को फिर देखने को मिलेगी, जब टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। मुकाबला शाम 7 बजे से आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में खेला जाएगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। मौसम विभाग के अनुसार दिन में बारिश की संभावना है, लेकिन मैच के समय बारिश की आशंका लगभग 10 प्रतिशत बताई जा रही है। श्रीलंकाई मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार कोलंबो में दिन के समय बारिश की संभावना कम है। हालांकि रात के समय हल्की धुंध रह सकती है. पूर्वी और दक्षिणी प्रांतों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

मैच से पहले रिकॉर्ड की बात करें तो भारत ने 2007 और 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है। 2007 में टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर अपना पहला खिताब हासिल किया था। वहीं पाकिस्तान 2009 का चैंपियन रह चुका है और 2007 व 2022 में उपविजेता रहा है। टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मुकाबले हुए हैं, जिनमें 7 बार भारत ने जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को केवल एक जीत मिली है। ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड में भी भारत 16 में से 13 मुकाबले जीतकर बढ़त बनाए हुए है।

भारत ने टूर्नामेंट में लगातार 10 मैच जीतने का रिकॉर्ड भी कायम किया है—2024 में 8 और मौजूदा संस्करण में 2 जीत के साथ टीम ने अपनी लय बरकरार रखी है। श्रीलंकाई पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। ऐसे में पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक अपनी विविधता और धीमी गति से भारतीय बल्लेबाजों को चुनौती दे सकते हैं। उनका एंगल और स्पीड वेरिएशन मैच का रुख बदल सकता है।

जानिए टीम इंडिया की ताकत और कमजोरी
ताकत: भारतीय टीम की सबसे बड़ी मजबूती उसकी आक्रामक बल्लेबाजी है। ईशान किशन, हार्दिक पंड्या और कप्तान सूर्यकुमार यादव शानदार फॉर्म में हैं। सूर्यकुमार इस साल तीन अर्धशतक जड़ चुके हैं। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह की फिटनेस टीम के लिए राहत है, जबकि कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल स्पिन विभाग संभाल रहे हैं।
कमजोरी: पिछले दो मुकाबलों में भारतीय बल्लेबाजों को स्पिन के खिलाफ थोड़ी परेशानी हुई है। कोलंबो की पिच पर यह चुनौती और बढ़ सकती है।

ये है पाकिस्तान की ताकत और कमजोरी
ताकत: ओपनर साहिबजादा फरहान टीम को ठोस शुरुआत दे रहे हैं और एक अर्धशतक लगा चुके हैं। स्पिन विभाग में सलमान मिर्जा, अबरार, तारिक और नवाज लगातार विकेट निकाल रहे हैं। शादाब खान और अयूब भी किफायती गेंदबाजी कर रहे हैं।
कमजोरी: मध्यक्रम पाकिस्तान की चिंता बना हुआ है। फरहान के अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया है। बाबर आजम और कप्तान सलमान की धीमी पारियां टीम की रनगति पर असर डाल सकती हैं।
बारिश हुई तो क्या होगा
ग्रुप स्टेज के इस मुकाबले के लिए कोई रिजर्व डे निर्धारित नहीं है। नियमों के अनुसार मैच का परिणाम निकालने के लिए कम से कम पांच-पांच ओवर्स का खेल जरूरी है। यदि बारिश के कारण इतना भी खेल संभव नहीं हो पाता, तो मैच रद्द घोषित कर दिया जाएगा और दोनों टीमों को एक-एक अंक बांट दिए जाएंगे। ऐसे में दोनों टीमें सुपर-8 में पहुंच जाएंगी।



































