SARANGARH NEWS. जिले के पवनी गाँव में शिक्षक रामलाल साहू के घर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो टेंट हाउस में काम करता है।

मामला 11 फरवरी का है। शिक्षक रामलाल साहू ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे दोपहर में परिवार सहित कार खरीदने कसडोल गए थे। रात को जब वे लौटे, तो घर का ताला टूटा मिला। जांच में सामने आया कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और आधार कार्ड सहित कुल 7,41,500 रुपये की चोरी हुई थी।

कर्ज के बोझ तले दबा था आरोपी
पुलिस ने जांच के दौरान परिजनों से पूछताछ की, क्योंकि हाल ही में शिक्षक के घर शादी थी, जिसमें टेंट, कैटरिंग और अन्य कर्मचारी आए थे। पुलिस ने सभी से पूछताछ की, जिसमें टेंट कर्मचारी कौशिक प्रधान पर शक हुआ।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह कर्ज में डूबा है। शादी में टेंट लगाते समय उसने शिक्षक रामलाल साहू को अलमारी से पैसे निकालते देखा था, जिसके बाद उसने चोरी की योजना बनाई। 11 फरवरी को घर सूना पाकर उसने आंगन में पड़े लोहे के सब्बल और कुदाली से ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।





































