BARAMBAKI NEWS. कोतवाली क्षेत्र के असैनी मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर सनसनीखेज वारदात में अधिवक्ता सुयेब उर्फ बॉबी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन निवासी सुयेब उर्फ बॉबी लखनऊ से बाराबंकी की ओर अपनी कार से लौट रहे थे। असैनी मोड़ ब्रिज पर पहुंचते ही पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय और अपर पुलिस अधीक्षक विकास त्रिपाठी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है। लखनऊ जोन के एडीजी के भी मौके के लिए रवाना होने की सूचना है। हमलावरों की तलाश में क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है।

पुराने चर्चित हत्याकांड से जुड़ा था नाम
सुयेब उर्फ बॉबी का नाम 4 फरवरी 1999 को हुए जेलर रमाकांत तिवारी हत्याकांड में सामने आया था। उस मामले में बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी समेत कई लोगों को नामजद किया गया था। बाद में इस प्रकरण में कई आरोपियों की हत्या या मुठभेड़ में मौत हो गई, जबकि शेष आरोपियों को अदालत से राहत मिली थी।

फिलहाल इस ताजा हत्याकांड के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है और जल्द खुलासा करने का दावा किया है।




































