BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में कोयला कारोबार से जुड़े बड़े व्यापारियों पर आयकर विभाग ने शिकंजा कस दिया है। गुरुवार सुबह आयकर विभाग की टीमों ने बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिले में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से प्रदेश के कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की टीम ने बिलासपुर में फिल ग्रुप के संचालक प्रवीण झा के घर, फैक्ट्री और कार्यालय समेत कई परिसरों पर दबिश दी। श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित कार्यालय और रामा वर्ल्ड स्थित निवास पर टीम दस्तावेजों व डिजिटल रिकॉर्ड्स की गहन जांच कर रही है। इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले के चांपा-बिरा रोड स्थित तिरुपति मिनरल्स के कार्यालय में भी आयकर विभाग की टीम पहुंची। यहां कोयला कारोबारी अंशुमान मुरारका के दफ्तर में वित्तीय लेनदेन और खातों से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।

क्यों हुई कार्रवाई
-प्रारंभिक जांच और विभागीय सूत्रों के मुताबिक छापेमारी के पीछे गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है।
-कोल मिक्सिंग के जरिए टैक्स चोरी किए जाने का संदेह।
-वास्तविक आय की तुलना में कम टैक्स भुगतान।
-खातों और रिकॉर्ड्स में गंभीर विसंगतियां मिलने की जानकारी।

GST रेड से जुड़े हैं तार
गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले बिलासपुर में स्टेट जीएसटी विभाग ने तीन कोल कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान महावीर कोल वाशरी, फिल ग्रुप और पारस कोल वाशरी ने मिलकर करीब 27.50 करोड़ रुपये का सरेंडर किया था। माना जा रहा है कि उसी कार्रवाई से मिले इनपुट के आधार पर आयकर विभाग ने अब यह बड़ी कार्रवाई की है।

जांच जारी, खुलासों की संभावना
छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आयकर विभाग के अधिकारी फिलहाल आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं, लेकिन सूत्रों का दावा है कि जांच पूरी होने के बाद करोड़ों रुपये की अघोषित आय और संपत्ति से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं।




































