RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर और ट्विन सिटी भिलाई–दुर्ग के बीच आवागमन को तेज और निर्बाध बनाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सिरसा गेट चौक और खुर्सीपार गेट चौक पर ग्रेड सेपरेटर बनाए जाएंगे। इसके लिए केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने कुल 77 करोड़ 36 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की पहल पर राज्य शासन के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए भारत सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना के अंतर्गत इस परियोजना को हरी झंडी दी है। ग्रेड सेपरेटर बनने के बाद इन दोनों चौकों पर वाहनों को रुकना नहीं पड़ेगा, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

गौरतलब है कि रायपुर–दुर्ग मार्ग पर कुम्हारी चौक, डबरा पारा, पावर हाउस चौक और सुपेला चौक पर पहले ही फ्लाईओवर का निर्माण हो चुका है। सिरसा गेट और खुर्सीपार चौक पर भी लंबे समय से ग्रेड सेपरेटर की मांग की जा रही थी, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।

राज्य और केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों से मिली इस स्वीकृति को जनआकांक्षाओं की पूर्ति माना जा रहा है। यह मार्ग रायपुर–भिलाई–दुर्ग औद्योगिक क्षेत्र के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी प्रमुख चौकों पर फ्लाईओवर और ग्रेड सेपरेटर बनने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि उद्योगों के परिवहन को भी गति मिलेगी।




































