RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ का वर्षों पुराना सपना आज साकार हो गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के ग्राम माना-तूता में चित्रोत्पला फिल्म सिटी एवं ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के भूमिपूजन अवसर पर कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना राज्य को फिल्म निर्माण और सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाएगी। साथ ही यह पहल छत्तीसगढ़ की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को नई गति देने में अहम भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री साय ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ परियोजना की आधारशिला रखी तथा प्रदेशवासियों, कलाकारों, निर्माता-निर्देशकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी के निर्माण से प्रदेश के हजारों प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा और स्थानीय फिल्म निर्माताओं को एक ही स्थान पर आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में कला, संस्कृति और कलाकारों को उचित सम्मान मिल रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से इस परियोजना को मूर्त रूप दिया जा रहा है, जिससे राज्य में निवेश के नए अवसर सृजित होंगे और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान वैश्विक स्तर पर और सशक्त होगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि भूमिपूजन के साथ ही फिल्म निर्माण और कन्वेंशन सेंटर से जुड़े चार प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जो प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियों को नई दिशा देंगे। इससे छत्तीसगढ़ की सामाजिक-सांस्कृतिक विषयवस्तु को बड़े पर्दे पर व्यापक पहचान मिलेगी।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि राज्य के सांस्कृतिक, आर्थिक और रचनात्मक भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ अपनी प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विविधता के कारण फिल्म निर्माताओं के लिए एक आकर्षक गंतव्य बनता जा रहा है। लक्ष्य है कि आगामी दो वर्षों में इन परियोजनाओं को पूर्ण कर राज्य को समर्पित किया जाए।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, विधायक इंद्र कुमार साहू, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल तथा पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने मास्टर प्लान का किया अवलोकन
भूमिपूजन अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने चित्रोत्पला फिल्म सिटी एवं ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के प्रस्तावित मास्टर प्लान का अवलोकन किया और अधिकारियों से निर्माण से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परियोजना पर आधारित लघु फिल्म भी देखी।
फिल्म सिटी को मिले चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव
भूमिपूजन समारोह के दौरान पर्यटन विभाग को चार निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। गदर फिल्म के निर्माता अनिल शर्मा ने अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग चित्रोत्पला फिल्म सिटी में करने का प्रस्ताव दिया। इंडिया एक्सपोजीशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन राकेश कुमार ने इंटरनेशनल एग्जीबिशन सेंटर एवं ट्रेड मार्ट के निर्माण का प्रस्ताव रखा। एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स के चेयरमैन नीरज खन्ना ने वर्ल्ड क्लास हैंडीक्राफ्ट्स एंड गिफ्ट फेयर आयोजित करने का प्रस्ताव दिया, जबकि एटी फिल्म्स हॉलीवुड के आशुतोष वाजपेयी ने हॉलीवुड फिल्मों एवं स्ट्रीमिंग कंटेंट के निर्माण का प्रस्ताव सौंपा।

100 एकड़ में विकसित होंगी परियोजनाएं
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की विशेष सहायता योजना के तहत इन परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। चित्रोत्पला फिल्म सिटी के लिए 95.79 करोड़ रुपये तथा ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के लिए 52.03 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पीपीपी मॉडल पर आधारित इन परियोजनाओं में निजी क्षेत्र से लगभग 300 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है।
लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली फिल्म सिटी में विभिन्न सेट्स, स्टूडियो, प्रोडक्शन ऑफिस, स्कल्प्चर गार्डन, शॉपिंग स्ट्रीट, होटल, मल्टीप्लेक्स और पर्यटकों के लिए आकर्षक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर में 1500 सीटों वाला आधुनिक कन्वेंशन हॉल, अतिथि कक्ष, बैंक्वेट, रेस्टोरेंट, लाइब्रेरी और अन्य सुविधाएं होंगी।
फिल्म टूरिज्म और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
छत्तीसगढ़ में पहले ही कई चर्चित फिल्मों और वेब सीरीज़ की शूटिंग हो चुकी है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही फिल्म फेस्टिवल, अवॉर्ड शो और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से राज्य के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।




































