BHILAI NEWS. सरयू पारीण ब्राह्मण समाज भिलाई–दुर्ग क्षेत्र की बैठक केवल औपचारिक चर्चा तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें समाज के भविष्य निर्माण, युवाओं के वैवाहिक सहयोग और संगठन को मजबूत करने जैसे अहम मुद्दों पर ठोस निर्णय लिए गए। बैठक का आयोजन समाज के ब्रह्म प्रकाश भवन, स्मृति नगर में किया गया।

बैठक में समाज भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने पर विशेष जोर दिया गया। भवन के नवीनीकरण और एयर कंडीशनिंग व्यवस्था को समाज की सामूहिक उपलब्धि बताते हुए दानदाताओं का सम्मान किया गया। पदाधिकारियों ने इसे समाज की सामूहिक एकजुटता का उदाहरण बताया।

समाज अध्यक्ष प्रभु नाथ मिश्रा ने जानकारी दी कि समाज की वार्षिक पत्रिका “ब्रह्म प्रकाश–2026” का विमोचन अप्रैल माह में किया जाएगा। पत्रिका के माध्यम से विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय समाज के भीतर साझा किया जाएगा, जिससे पारिवारिक रिश्तों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज में विश्वास और पारदर्शिता को बढ़ावा दे रही है।
महासचिव राम लखन मिश्र ने समाज के सदस्यों से अपील की कि वे अपने बच्चों का विवरण समय पर उपलब्ध कराएं और पत्रिका के माध्यम से सहयोग भी दें। साथ ही समाज की सदस्यता बढ़ाने को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

बैठक में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर समाज भवन में ध्वजारोहण करने का निर्णय लिया गया, जिससे समाज में राष्ट्रप्रेम की भावना और मजबूत हो।
अंत में, बांग्लादेश में हिंदू समाज पर हो रही हिंसा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की गई और केंद्र सरकार से इस विषय में ठोस कदम उठाने की मांग की गई। मृत हिंदू भाइयों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।

बैठक में प्रमुख रूप से प्रभु नाथ मिश्रा, राम लखन मिश्र, सुभाषचंद्र तिवारी, डॉ. अखिलेश त्रिपाठी, दिनेश मिश्र, विष्णु पाठक, रामविलास मिश्रा, संजय पांडे, चंद्रशेखर पांडे, कैलाश पाठक, नर्मदा प्रसाद मिश्र, आर.के. पांडे, मनीष पांडे, प्रदीप पांडे, शंकर चरण पांडे, सुनील मिश्र, वी.एन. पांडे सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।




































