BILASPUR NEWS. शहर में हिट-एंड-रन की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने मॉर्निंग वॉक पर निकले प्रॉपर्टी डीलर को टक्कर मार दी और चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक करीब 10 फीट हवा में उछलकर सड़क पर गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

घायल की पहचान उस्लापुर प्रकृति विहार निवासी रवि सिंह ठाकुर (39) के रूप में हुई है। घटना के समय वह सड़क किनारे पैदल चल रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने न तो ब्रेक लगाया और न ही घायल की मदद की।

रसूख का सवाल, मदद की जगह फरारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि दुर्घटना करने वाली कार शहर के एक व्यवसायी की है। हादसे के वक्त कार उसका बेटा चला रहा था और वाहन में एक युवती भी मौजूद थी। टक्कर के बाद चालक ने मानवीय जिम्मेदारी निभाने के बजाय कार लेकर फरार होना ही बेहतर समझा, जिससे कानून और नैतिकता दोनों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

दोस्त ने बचाई जान
हादसे के वक्त रवि ठाकुर अपने दोस्त से मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे। कॉल अचानक कटने और शोरगुल सुनकर दोस्त यजुर तिवारी तुरंत मौके पर पहुंचा और गंभीर हालत में पड़े रवि को अस्पताल में भर्ती कराया। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच सकी।

CCTV ने खोली पोल, पुलिस दबाव में
घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला स्पष्ट हिट-एंड-रन का बन गया है। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और वाहन व चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि, रसूखदार परिवार से जुड़े होने के कारण कार्रवाई की रफ्तार पर भी नजरें टिकी हुई हैं।




































