RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में दहेज की मांग को लेकर एक सरकारी डॉक्टर और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि डॉक्टर और उसके माता-पिता ने विवाह के बाद महिला से 30 लाख रुपए नकद और कार की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। महिला की शिकायत पर रायपुर महिला थाना पुलिस ने पति समेत सास-ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, खरोरा के पाड़ाभाट निवासी रागिनी कश्यप (34) की शादी 30 जनवरी 2024 को बिलासपुर जिले के तखतपुर निवासी डॉ. सुखचैन कश्यप से हुई थी। डॉ. सुखचैन वर्तमान में कोरबा जिले के पाली में सरकारी डॉक्टर के रूप में पदस्थ हैं। महिला ने शिकायत में बताया कि शादी के दौरान उसके मायके वालों ने सोने-चांदी के जेवर, घरेलू सामान और तीन लाख रुपए नकद दिए थे।

इसके बावजूद ससुराल पक्ष मकान और कार नहीं मिलने की बात कहकर उसे परेशान करने लगा। आरोप है कि पति ने 30 लाख रुपए नकद और कार मिलने पर ही उसे अपने साथ रखने की शर्त रखी। सितंबर में रागिनी मायके आ गई थी। इसके बाद पति उसे लेने नहीं पहुंचा। परेशान होकर महिला ने 29 सितंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पहले परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों के बीच काउंसलिंग कराई, लेकिन बातचीत से कोई समाधान नहीं निकला।

इसके बाद महिला थाना रायपुर में पति डॉ. सुखचैन कश्यप, सास बोधनी बाई कश्यप और ससुर धनुष राम कश्यप के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।



































