KULGAM NEWS. जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने कुलगाम में हुए आतंकी हमले के आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को मार गिराया गया। मारे गए आतंकियों में संगठन का टॉप कमांडर मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल है। उसे 11 नवंबर को CRPF की चौकी पर हुए हमले का कथित मास्टरमाइंड माना जा रहा था। इस संयुक्त ऑपरेशन में भारतीय सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमें शामिल रहीं। दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार के पास अखरान इलाके में आतंकियों ने CRPF की चौकी को निशाना बनाया था।

हथियारबंद हमलावरों ने अचानक जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए थे। हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया था। आतंकियों की तलाश में कई गांवों में घेराबंदी और सर्च ऑपरेशन चलाए गए। जांच एजेंसियों को हमलावरों के बारे में कुछ अहम सुराग भी मिले थे। सोमवार को खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों ने कुलगाम के लारू इलाके में संयुक्त अभियान शुरू किया। इस दौरान आतंकियों से सामना होने पर मुठभेड़ शुरू हो गई।

जवाबी कार्रवाई में लश्कर कमांडर लतीफ भट समेत दो आतंकियों को मार गिराया गया। मोहम्मद लतीफ भट दक्षिण कश्मीर में सक्रिय लश्कर-ए-तैयबा का स्थानीय कमांडर था। सुरक्षा एजेंसियों को उस पर अनंतनाग और कुलगाम में कई आतंकी वारदातों में शामिल होने का संदेह था। इनमें पुलिसकर्मी और प्रवासी मजदूरों की हत्या से जुड़े मामले भी शामिल हैं। 11 नवंबर को CRPF की चौकी पर हुए हमले में भी उसकी भूमिका की जांच की जा रही थी।

CRPF के DG ने लिया था सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
कुलगाम हमले के बाद CRPF के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कश्मीर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। वहीं, CRPF के विशेष महानिदेशक संदीप खिरवार ने सोमवार को बताया कि हमले के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों को हमलावरों के बारे में कुछ सुराग मिले थे और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर कार्रवाई की जा रही थी।

24 घंटे के भीतर आतंकियों ने की थी दो SPO की हत्या
कुलगाम में CRPF की चौकी पर हमले के 24 घंटे के भीतर आतंकियों ने किश्तवाड़ जिले में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की हत्या कर दी थी। मृतकों की पहचान बाबी चंद और यशपाल कुमार के रूप में हुई थी। बताया गया कि दोनों SPO एक आतंकवाद विरोधी अभियान में सेना की मदद के लिए जा रहे थे। लगातार हुई इन वारदातों के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।



































