BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर यहां ‘स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी भी आयोजित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनजातीय नायकों का साहस, संघर्ष और बलिदान देश की राष्ट्रीय चेतना और गौरवशाली इतिहास का अमूल्य हिस्सा है। इन महानायकों ने देश की आजादी के साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए भी संघर्ष किया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को साहस, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ अपनी गौरवशाली विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी हमारी जिम्मेदारी है। युवाओं को जनजातीय वीर नायकों के योगदान और संघर्ष की जानकारी होनी चाहिए, ताकि वे अपने इतिहास और संस्कृति पर गर्व कर सकें। भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने महज 25 वर्ष के जीवन में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित किया और उलगुलान आंदोलन के जरिए अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अकाल के समय भूखी जनता की मदद के लिए संघर्ष किया और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई। वीर नारायण सिंह के साथ गुंडाधुर, गेंद सिंह जैसे जनजातीय नायकों का योगदान भी प्रदेश के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राज्य सरकार जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपरा ओं के संरक्षण के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर जनजातीय परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के लगभग 6,500 गांव शामिल हैं। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की बस्तियों तक सड़क, बिजली, रसोई गैस और सौर ऊर्जा जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। जनजातीय समाज की परंपरागत व्यवस्था को सहेजने वाले मांझी, चालकी और बैगा का मानदेय भी बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होना भी जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय है। सरकार चाहती है कि जनजातीय समाज के युवाओं को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलें और वे विकसित भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदारी निभाएं।

विश्वविद्यालय की 10 रुपये में भोजन योजना की सराहना
मुख्यमंत्री ने गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय की सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पहलों की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था से लगभग 2,500 लोगों को लाभ मिल रहा है। स्थानीय उत्पादों की बिक्री और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को भी उन्होंने सराहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस महान जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान को याद करने का अवसर है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा विद्यार्थियों और युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरित करती रहेगी।
इस दौरान अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।



































