JOB NEWS. भारतीय सेना के तहत सिविलियन पदों पर भर्ती का नया अवसर सामने आया है। HQ 2 सिग्नल ट्रेनिंग सेंटर, पणजी (गोवा) ने CSBO ग्रेड-II के 190 पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती की खास बात यह है कि देशभर के उम्मीदवार इसमें आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 2 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 31 मई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 190 पद भरे जाएंगे।

इनमें अनारक्षित वर्ग के 94, अनुसूचित जाति के 22, अनुसूचित जनजाति के 12, अन्य पिछड़ा वर्ग के 43, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 19 पद शामिल हैं। इसके अलावा दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 12 और भूतपूर्व सैनिकों के लिए 20 पद आरक्षित रखे गए हैं। इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक (10वीं) पास होना अनिवार्य है। साथ ही PBX (टेलीफोन स्विच बोर्ड) संचालन का कम से कम 6 महीने का अनुभव होना जरूरी है।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन से पहले सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच कर लें और उन्हें तैयार रखें। चयन प्रक्रिया की बात करें तो उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। यह परीक्षा 100 अंकों की होगी, जिसमें जनरल इंटेलिजेंस, न्यूमेरिकल एप्टीट्यूड, जनरल अवेयरनेस, इंग्लिश और रीजनिंग जैसे विषय शामिल होंगे।

लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रैक्टिकल टेस्ट और इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा, जो केवल क्वालिफाइंग प्रकृति के होंगे। अंतिम मेरिट सूची लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन नहीं बल्कि ईमेल के माध्यम से पूरी करनी होगी। इसके लिए उम्मीदवारों को भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट indianarmy.nic.in से आवेदन फॉर्म डाउनलोड करना होगा।

फॉर्म भरने के बाद उसे आवश्यक दस्तावेजों जैसे आधार कार्ड, मैट्रिक प्रमाण पत्र और PBX अनुभव प्रमाण पत्र के साथ sunshine.rise@nic.in ईमेल आईडी पर भेजना होगा। ईमेल के सब्जेक्ट में “CSBO Application” के साथ अपना नाम लिखना जरूरी है। भर्ती से जुड़े दिशा-निर्देशों में साफ कहा गया है कि अधूरे आवेदन या अंतिम तिथि के बाद भेजे गए फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
































